सीतापुर , जुलाई 8 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि रक्षा रसायनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कीटनाशी प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान 34 दुकानों का निरीक्षण किया गया, 11 नमूने संग्रहित किए गए तथा तीन विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
उप कृषि निदेशक डॉ. श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के तहत तहसील सीतापुर और बिसवां में जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार तथा तहसील सिधौली और महमूदाबाद में जिला कृषि रक्षा अधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इसके अलावा महोली, मिश्रिख और लहरपुर तहसीलों में भी छापेमारी कर कीटनाशी प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुल 34 दुकानों की जांच की गई और विभिन्न कृषि रक्षा रसायनों के 11 नमूने परीक्षण के लिए एकत्र किए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रयोगशाला से परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मानकों के विपरीत गुणवत्ता पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कीटनाशी अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और नकली अथवा निम्न गुणवत्ता वाले कृषि रसायनों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित