नैमिषारण्य (सीतापुर) , सितम्बर 29 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को कहा कि तीर्थ नगरी नैमिषारण्य में कालीपीठ चौका को और भव्य व आकर्षक बनाया जाएगा।
भागवत महाकुंभ के मौके पर उन्होंने कहा कि नैमिष तीर्थ के विकास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पर्यटन विभाग द्वारा नैमिष तीर्थ विकास परिषद द्वारा चहुंमुखी विकास कराया जा रहा है। जिसके बाद यह तीर्थ नगरी देश के नहीं बल्कि दुनिया के पर्यटन के मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगी।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र समेत देश के विभिन्न प्रांतों से आए सभी श्रद्धालु बेहद सौभाग्यशाली हैं कि उनको इस तपोभूमि पर श्रीमद भागवत कथा और श्रीराम कथा सुनने का अवसर मिल रहा है। आगरा में जहां पर छत्रपति शिवाजी को कैद करने का दुस्साहस किया गया था, उसी धरती पर योगी आदित्यनाथ की सरकार एक म्यूजियम का निर्माण करा रही है। जहां पर चलचित्रों के माध्यम से उनके संपूर्ण जीवन चरित्र को प्रदर्शित किया जाएगा। शिवाजी को लेकर यह देश का सबसे बड़ा म्यूजियम होगा। इसके अलावा नैमिषारण्य में बहुत ही जल्द हेलीपोर्ट काे भी शुरू करा दिया जाएगा, जिससे दूसरे प्रांतों से आने वाले लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
कालीपीठाधीश्वर गोपाल शास्त्री की मांग पर पर्यटन मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस कथा पंडाल में अगली कथा होने से पूर्व छत पड़ जाएगी। इसके बाद उन्हाेंने कालीपीठ चौक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौक को और भी भव्य एवं आकर्षक बनाए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में एक प्रस्ताव बना शीघ्र ही भेजें।
इस मौके पर मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव, महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, वरिष्ठ आईएएस अफसर आरके सिंह, विचारक डॉ. रहीस सिंह, इंजीनियर अतुल प्रताप सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय भार्गव आदि ने व्यासपीठ का पूजन-अर्चन भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित