सीतापुर , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम बिहट गौर में एक माह पूर्व 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध आत्महत्या के मामले में पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 28 फरवरी को दामिनी नामक किशोरी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के समय परिजन खेत पर गए हुए थे। बाद में उसकी मां अनीता ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को दफना दिया था। घटना के कुछ दिन बाद, 7 मार्च को मृतका की मां ने थाना रामकोट में तहरीर देकर गांव के अंबुज तथा उसके माता-पिता पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान साक्ष्यों की पुष्टि के लिए पुलिस ने जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर से कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की अनुमति मांगी, जिसे स्वीकृति मिल गई। सोमवार को तहसीलदार महोली अंकुर यादव, लेखपाल तथा रामकोट थाना पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहन जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित