सीतापुर , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में इमलिया सुल्तानपुर थाना अंतर्गत नवा महमूदपुर में शुक्रवार तड़के एक मकान की कच्ची दीवार और छप्पर गिरने के कारण एक व्यक्ति की दबकर मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कल रात से रुक रुक कर हो रही बारिश के बीच नवा महमूदपुर में बांके बिहारी उर्फ रामचंद्र (32) दीवार के सहारे लगे छप्पर में लेटा था। इस बीच कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गई। शोरगुल सुनकर गांव वालों ने उसे मलबे से बाहर निकाला और इमलिया सुल्तानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार हेतु भेजा जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना अध्यक्ष आशीष तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर शासन द्वारा नियमानुसार आर्थिक सहायता के लिए तहसील प्रशासन को सूचना दे दी गई है, एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित