सीतापुर , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के आरएमपी डिग्री कॉलेज के पास मंगलवार शाम डीजे आर्केस्ट्रा का वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर कपूर कुमार ने बताया कि थाना रामकोट क्षेत्र के खटकारी गांव का डीजे आर्केस्ट्रा वाहन डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती जुलूस में शामिल होने के बाद वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान आरएमपी डिग्री कॉलेज के पास एक अन्य वाहन को ओवरटेक करते समय डीजे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
दुर्घटना में राम सहाय (30) पुत्र सूरज, निवासी खटकारी, थाना रामकोट की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि वाहन पर सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहां से दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित