सीतापुर , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर रविवार देर शाम पुलिस से धक्का-मुक्की और रोके जाने से आहत होकर अपने घर के सामने आमरण अनशन पर बैठ गए, जिससे जिले का सियासी पारा चढ़ गया। बताया जाता है कि सांसद राकेश राठौर महोली विकासखंड के एक गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान शहर कोतवाल दिनेश पांडे पुलिस बल के साथ पहुंचे और कथित तौर पर उन्हें जाने से रोक दिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस को आशंका थी कि सांसद गाजीपुर-वाराणसी की एक घटना को लेकर वहां जाने की तैयारी में हैं। हालांकि सांसद का कहना है कि उन्होंने पुलिस को पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि रविवार को उन्हें गाजीपुर नहीं जाना है, बल्कि सोमवार को वहां जाने की योजना है और इस संबंध में वह प्रशासन से पूरा सहयोग करेंगे।
श्री राठौर ने बताया कि उन्होंने नगर कोतवाली को सूचना दी थी कि रविवार शाम उन्हें महोली विकासखंड के बचबल गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होना है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और उन्हें वाहन से जाने नहीं दिया गया।
उन्होंने इसे अपमानजनक बताते हुए अपने घर के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया। सांसद का आरोप है कि पुलिस जबरदस्ती और गुंडागर्दी कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ उप जिलाधिकारी सदर जनार्दन, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर कपूर कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और सांसद से बातचीत कर उन्हें मनाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक सांसद राकेश राठौर आमरण अनशन पर बैठे रहे और जिला प्रशासन के अधिकारी उन्हें समझाने-बुझाने में जुटे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित