सीतापुर , मई 13 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में बुधवार दोपहर बाद आई तेज आंधी और वर्षा के दौरान आम का पेड़ गिरने से एक युवक की दबकर मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने देर शाम बताया कि थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के राजपुर खुर्द गांव निवासी राहुल (18) गांव से कुछ दूरी पर स्थित आम के बाग में पशुओं को घर वापस ला रहा था। इसी दौरान तेज आंधी के चलते आम का एक बड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है। तहसील प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

तेज आंधी और बारिश के कारण जिले के कई थाना क्षेत्रों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। शहर में एक बड़े शोरूम के शीशे भी तेज हवा और वर्षा के चलते टूटकर गिर गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित