कानपुर , अप्रैल 5 -- विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के कानपुर प्रांत कार्यालय, श्री दुर्गा भवन गोविंदनगर में आयोजित मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की प्रांत स्तरीय बैठक में सीता नवमी को व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में मातृशक्ति की प्रांत संयोजिका डॉ. सीमा जादौन ने कहा कि सीता नवमी के अवसर पर माता सीता के आदर्शों, संस्कारों और जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे प्रांत में लगभग 500 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि माता सीता भारतीय संस्कृति में त्याग, धैर्य, मर्यादा, करुणा और समर्पण की प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज और परिवार के लिए अनुकरणीय आदर्श प्रस्तुत करता है। वर्तमान समय में विशेषकर युवा पीढ़ी के समक्ष उनके जीवन मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना आवश्यक है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि कानपुर के तपेश्वरी मंदिर से सीता नवमी कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से परिवार, संस्कार, नारी गरिमा और भारतीय जीवन मूल्यों का संदेश समाज तक पहुंचाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि माता सीता का जीवन सामाजिक समरसता, कुटुंब व्यवस्था, सेवा, सहिष्णुता और मर्यादित आचरण का उदाहरण है। उनके जीवन प्रसंग समाज को संस्कारित एवं संतुलित जीवन की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना ने भी मार्गदर्शन दिया। बैठक में वैशाली, गौरांग, डॉ. तापसी चक्रवर्ती, अर्चिता, अर्चना, माया, विनीता, अंजू, प्रतिमा, शिखा और ज्योति सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित