हैदराबाद , अप्रैल 13 -- तेलंगाना की पंचायत राज, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री दानासारी अनुसूया सीताक्का ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत राष्ट्र समिति(बीआरएस) अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव को कानूनी नोटिस जारी कर आरोप लगाया है कि बीआरएस पार्टी आंगनवाड़ी मोबाइल फोन की खरीद के संबंध में निराधार आरोप लगाने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रही है जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।

सुश्री सीताक्का के वकील नागुलुरी कृष्ण कुमार ने पंजीकृत डाक के माध्यम से श्री चंद्रशेखर राव को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में उन्होंने स्पष्ट किया है कि आंगनवाड़ी मोबाइल फोन की खरीद प्रक्रिया तेलंगाना टेक्नोलॉजी सर्विसेज लिमिटेड द्वारा की गई थी, अनुबंध निविदा मूल्यांकन समिति के निर्णयों के अनुसार दिया गया था और इस मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं थी।

उन्होंने कहा कि कुल निविदा मूल्य केवल 44 करोड़ रुपये होने के बावजूद 30 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का दावा करना हास्यास्पद है और यह एक निराधार आरोप है जिसका कोई सबूत नहीं है।

उन्होंने बीआरएस प्रमुख से उनकी पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों के माध्यम से प्रसारित किए जा रहे दुर्भावनापूर्ण प्रचार की जिम्मेदारी लेने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि ये कार्रवाइयां उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने के उद्देश्य से रची गई साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने मांग की कि श्री चंद्रशेखर राव 48 घंटों के भीतर इन पोस्टों को हटा दें और माफी मांगें।

कानूनी नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि अगर बीआरएस प्रमुख ऐसा करने में विफल रहते हैं तो उनके खिलाफ उचित दीवानी एवं आपराधिक कार्यवाही शुरू की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित