चंडीगढ़ , अप्रैल 17 -- चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) टिकट बुकिंग के लिए अब देश की प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों के साथ टाई-अप करने की तैयारी में है, जिसके तहत मेक माय ट्रिप, गोइबिबो जैसी नामी कंपनियों से आवेदन मांगे गये हैं। अभी तक यात्रियों को सीमित प्लेटफॉर्म पर ही टिकट मिल पाती थी।

सीटीयू अधिकारियों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया अगले 15 दिन में पूरी कर ली जाएगी। तकनीकी और वित्तीय शर्तों को पूरा करने वाली एजेंसियों को पैनल में शामिल किया जाएगा। इससे यात्री अपनी सुविधा के हिसाब से किसी भी लोकप्रिय ट्रैवल ऐप से सीटीयू बस की सीट बुक कर सकेंगे।

पहला मकसद सीटीयू बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ाना है। दूसरा, प्राइवेट बस ऑपरेटरों को सीधी टक्कर देना है। सीटीयू का नेटवर्क आठ राज्यों तक फैला है और ये सभी बड़े पर्यटन स्थल हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश रूट पर रोजाना हजारों सैलानी सफर करते हैं। इनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या भी अच्छी-खासी है। कई पर सीटीयू की मौजूदगी से इन यात्रियों तक पहुंच आसान होगी।

फिलहाल सीटीयू का रेड बस के साथ समझौता है, जो 31 मार्च तक या नये कॉन्ट्रैक्ट होने तक लागू रहेगा, लेकिन एक ही प्लेटफॉर्म पर निर्भरता से यात्रियों के विकल्प सीमित हो जाते हैं। नये ओटीए जुड़ने से टिकट बुकिंग का दायरा बढ़ेगा, रियल टाइम सीट दिखेगी और पेमेंट के ज्यादा विकल्प मिलेंगे।

सीटीयू प्रबंधन का मानना है कि डिजिटल पहुंच बढ़ने से राजस्व में भी इजाफा होगा। साथ ही सरकारी बसोंके प्रति यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा, क्योंकि उन्हें प्राइवेट ऑपरेटरों जैसी ही ऑनलाइन सुविधा मिलेगी। आने वाले दिनों में सीटीयू किराया, टाइम-टेबल और बस ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं भी इन प्लेटफॉर्म पर जोड़ने की योजनाबना रहा है। यात्रियों को उम्मीद है कि इस कदम से लंबी दूरी की यात्रा और आरामदायक होगी और टिकटके लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित