देहरादून , अप्रैल 06 -- उत्तराखण्ड शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जिला चिकित्सालय पौड़ी गढ़वाल में स्थापित सीटी स्कैन मशीन के रख-रखाव में गंभीर लापरवाही पाए जाने के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रमुख अधीक्षक डा विजयेन्द्र भारद्वाज को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है।
इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या जनता के हितों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि विभागीय जांच के अनुसार, वर्ष 2022 से उक्त सीटी स्कैन मशीन को बिना किसी सुरक्षा प्रबंध के खुले में रखा गया, जिसके कारण यह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह मशीन आमजन को गंभीर बीमारियों से राहत देने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित