पटना , अक्टूबर 13 -- सीटीआरएलएस डेटा सेंटर्स लिमिटेड बिहार में डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

कंपनी बोधगया में 150 मेगावाट क्षमता वाला विशाल कृत्रिम बुद्धिमत्ता केंद्र स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, तथा मंत्री श्रेयसी सिंह और नीतीश मिश्रा की उपस्थिति में आज कंपनी ने पटना में 400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक डेटा सेंटर का शुभारंभ किया।

कंपनी ने बोधगया में प्रस्तावित निवेश के लिए बिहार सरकार के साथ आशय पत्र पर हस्ताक्षर भी किये हैं। इस निवेश से राज्य में डिजिटल बुनियादी ढांचे के विस्तार तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सेवाओं की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

पटना के पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित आंकड़ा केंद्र फिलहाल 12 मेगावाट की सूचना प्रौद्योगिकी क्षमता के साथ काम करेगा और भविष्य में मांग के अनुरूप इसकी क्षमता का विस्तार किया जा सकेगा। यह केंद्र बिहार और पूर्वी भारत में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सरकारी संस्थानों, बड़ी स्तर की संगणना एवं आंकड़ा भंडारण सेवाएं उपलब्ध कराने वाली कंपनियों तथा प्रौद्योगिकी क्षेत्र के अन्य उपक्रमों की डिजिटल जरूरतों को पूरा करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित