चंडीगढ़ , अगस्त 21 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनके साथ मौजूद स्वयंसेवकों पर कथित हमले की रिपोर्ट पर चिंता जताते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री से मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।
श्री संधवां ने कहा कि सीजेपी के स्वयंसेवक स्थानीय सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे का निरीक्षण करने जा रहे थे, तभी उनके वाहनों को कथित तौर पर रोककर तोड़फोड़ की गयी। घटना में कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आयी है। सीजेपी नेताओं ने इस झड़प के लिए राजनीतिक विरोधियों को जिम्मेदार ठहराते हुए स्थानीय पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाये हैं। पंजाब विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राजनीतिक हिंसा की किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक मतभेदों और असहमति का समाधान संवाद तथा कानून के दायरे में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद हिंसा या संपत्ति को नुकसान पहुंचाना लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करता है। सभी पक्षों को कानून का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए।
श्री संधवां ने राजस्थान सरकार और संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मामले की गहन, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की अपील की, ताकि घटना के वास्तविक तथ्यों का पता लगाया जा सके और दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित