महासमुंद , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की राज्य सेवा परीक्षा-2025 के मुख्य परीक्षा परिणाम को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए चयन एवं मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर और शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 265 पदों के लिए केवल 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चिन्हांकित किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 1:3 के अनुपात के आधार पर 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आयोग ने निर्धारित संख्या से 187 कम अभ्यर्थियों के चयन के पीछे न्यूनतम अर्हकारी अंक प्राप्त नहीं करने को कारण बताया है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि न्यूनतम अर्हकारी अंक निर्धारित करने का आधार सार्वजनिक किया जाए तथा अभ्यर्थियों को उनकी उत्तर-पुस्तिकाएं उपलब्ध कराने के साथ मॉडल उत्तर भी जारी किए जाएं।

कांग्रेस नेताओं ने राज्य सेवा परीक्षा-2024 की कुछ उत्तर-पुस्तिकाओं का हवाला देते हुए मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित असमानता के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन को लेकर अभ्यर्थियों के बीच उत्पन्न संदेह दूर करने के लिए आयोग को पूरी प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

कांग्रेस ने साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू होने से पहले उत्तर-पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग करते हुए कहा कि उठाए गए सवालों और मांगों पर स्थिति स्पष्ट होने तक साक्षात्कार प्रक्रिया स्थगित की जानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित