रायपुर , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बहुचर्चित सीजीपीएससी घोटाला मामले में अतिरिक्त कलेक्टर चेतन बरघोरिया की गिरफ्तारी के बाद रविवार को कहा कि राज्य सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
श्री साय ने कहा, ''हमारी सरकार में कोई भी अपराध करता है तो उसकी जांच होगी और उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।''प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में शुक्रवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चेतन बरघोरिया को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें छह दिनों की ईडी रिमांड पर भेज दिया।
अदालत में ईडी ने उत्कर्ष चंद्राकर और चेतन बरघोरिया के बीच वाट्सएप चैट मिलने का हवाला दिया। ईडी इस मामले में उनसे आगे की पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित