हरिद्वार , जून 10 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर बुधवार को झबरेड़ा क्षेत्र के भक्तोवाली-सहारनपुर मार्ग पर स्थित एक अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया।
अपर तहसीलदार रुड़की शुभांगिनी ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश तथा संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। संबंधित मजार सड़क पर स्थित सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित पाई गई थी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि के भीतर कोई संतोषजनक जवाब अथवा आपत्ति प्रस्तुत नहीं की गई। इसके बाद पुनः नोटिस जारी किए जाने के बावजूद किसी प्रकार का दावा या आपत्ति प्राप्त नहीं हुई। सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आज नियमानुसार अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए अभियान को शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया। मौके पर प्रशासनिक टीम के साथ कानूनगो सुभाष जैमिनी, झबरेड़ा थाना प्रभारी दक्ष शोखंड तथा लोक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता दीपा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने कहा है कि सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित