बैतूल , अगस्त 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर अब कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को विभागवार समीक्षा के दौरान अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा में जनजातीय कार्य, लोक निर्माण, जल संसाधन विभाग और तहसीलदार आठनेर से संबंधित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आई। इस पर कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग और कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उन्होंने राजस्व विभाग की लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने और सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की नियमित निगरानी करने को कहा। लंबित शिकायतों में जिम्मेदारी निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
संबल योजना के तहत अनुग्रह सहायता से जुड़ी शिकायतों के निराकरण में लापरवाही मिलने पर श्रम पदाधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की लंबित शिकायतों का शनिवार तक अनिवार्य रूप से निराकरण करने को कहा गया।
कलेक्टर ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक न्याय, किसान कल्याण एवं कृषि विकास सहित अन्य विभागों को शिकायतों का त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के आवेदनों की भी समीक्षा कर लंबित मामलों को गंभीरता से निपटाने को कहा गया।
आठनेर शिविर में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र को नोटिस देने के निर्देश दिए गए। वन अधिकार और फॉर्मर रजिस्ट्री के मामलों को भी शीघ्र निराकृत करने को कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित