बैतूल , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आठनेर में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के अंतर्गत समाज कार्य के स्नातक एवं स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए करने का आह्वान किया।

समारोह में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वयक मधु चौहान ने परिषद द्वारा संचालित पाठ्यक्रम के उद्देश्यों तथा पूरे शैक्षणिक सत्र में आयोजित गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

जन अभियान परिषद के नर्मदापुरम संभाग समन्वयक कौशलेश तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के वंचित, जरूरतमंद और कमजोर वर्गों के उत्थान, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं आठनेर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि एक सच्चे समाजसेवी की पहचान उसके समर्पण, नैतिकता, जनसेवा और सकारात्मक नेतृत्व से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कार्यक्षेत्र में जनहित, सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अध्ययनकाल के अनुभव साझा करते हुए समाज के सर्वांगीण विकास, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में नगर मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने, जनपद सदस्य राजू सलामे, सामाजिक कार्यकर्ता धनराज गावंडे, मनोज ठाकुर, नवांकुर संस्था अध्यक्ष कैलाश आजाद, जन अभियान परिषद के पदाधिकारी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समरसता भोज के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित