लखीमपुर खीरी , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मंगलवार को कड़ा रुख अपनाया। योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए वह स्वयं एचडीएफसी बैंक की मुख्य शाखा पहुंचे और बैंक अधिकारियों से लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने योजना की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा लेते हुए स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली इस योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र युवाओं को समयबद्ध ढंग से ऋण स्वीकृत कर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बैंक अधिकारियों से कहा कि "जवाब में बहाने नहीं, समाधान चाहिए।" उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए इस माह के अंत तक निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। ऐसे में बैंक स्तर पर अनावश्यक विलंब या उदासीनता योजना की मंशा के विपरीत है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी का यह औचक निरीक्षण बैंकिंग व्यवस्था में तेजी लाने के साथ-साथ उन युवाओं के लिए भी उम्मीद लेकर आया है, जो इस योजना के माध्यम से अपना उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रयासरत हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित