गौतमबुद्धनगर , जून 18 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में गुरुवार को ग्रेटर नोएडा कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, निर्माण कार्यों, सीएमआईएस पोर्टल, जीरो पॉवर्टी अभियान, ई-ऑफिस, फैमिली आईडी एवं आधार सीडिंग से संबंधित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गुरुवार को बैठक के संबंध जानकारी देते हुए मुख्य विकास अधिकारी जानकारी साझा की गई, उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह ने सीएम डैशबोर्ड और विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए प्रोबेशन विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, जिला कार्यक्रम विभाग, लोक निर्माण विभाग, उद्योग विभाग, जल निगम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विभाग, दुग्ध विकास विभाग, नेडा, वन विभाग तथा पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की स्थिति का आकलन किया।

समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी एवं आधार सीडिंग की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए डेटा अपडेट और सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और सौर ऊर्जा कार्यक्रमों के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

बैठक में जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

परिषदीय विद्यालयों में चल रहे कायाकल्प कार्यों और विद्यालय निरीक्षण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। सीडीओ ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने, पाई गई कमियों का त्वरित निस्तारण करने तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग की शासन स्तर पर नियमित समीक्षा की जाती है। ऐसे में सभी विभाग अपने निर्धारित बिंदुओं और लक्ष्यों पर विशेष ध्यान दें तथा अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जिले का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर है, वहां विशेष रणनीति बनाकर सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रभावी अनुश्रवण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित