मुरादाबाद , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल का प्रदर्शन मार्च 2026 की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर निराशाजनक रहा। मंडल के अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बिजनौर जिले प्रदेश के शीर्ष 20 जिलों में स्थान नहीं बना सके, जबकि रामपुर ने चौथा स्थान प्राप्त कर बेहतर प्रदर्शन किया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार विकास कार्यों, राजस्व वसूली, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और शिकायत निस्तारण जैसे मानकों पर मंडल का समग्र प्रदर्शन औसत से नीचे रहा। हालांकि फरवरी की तुलना में कुछ जिलों की रैंकिंग में आंशिक सुधार दर्ज किया गया है।
जिलावार रैंकिंग में रामपुर को प्रदेश में चौथा स्थान मिला, जो मंडल का सर्वोच्च स्थान है। संभल 46वें, बिजनौर 47वें, अमरोहा 54वें तथा मुरादाबाद 61वें स्थान पर रहा। इस प्रकार रामपुर को छोड़कर मंडल का कोई भी जिला शीर्ष 20 में शामिल नहीं हो सका।
रामपुर ने फरवरी में 11वें स्थान से मार्च में चौथे स्थान पर पहुंचकर उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया। वहीं संभल ने 53वें से 46वें और अमरोहा ने 68वें से 54वें स्थान पर पहुंचकर स्थिति में सुधार किया।
मुरादाबाद जिले की स्थिति सबसे कमजोर रही। फरवरी में 75वें स्थान से सुधार कर 61वें स्थान पर पहुंचने के बावजूद जिला शीर्ष 60 में स्थान नहीं बना सका। बिजनौर की स्थिति स्थिर रही और वह फरवरी तथा मार्च दोनों माह में 47वें स्थान पर बना रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, राजस्व वसूली के क्षेत्र में रामपुर, संभल और अमरोहा का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा, जबकि बिजनौर पीछे रहा। शासन द्वारा प्रत्येक माह जारी की जाने वाली इस रैंकिंग में मुरादाबाद मंडल की लगातार कमजोर स्थिति विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, शिकायत निस्तारण तथा जनसेवाओं की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित