वाराणसी , सितंबर 21 -- वाराणसी में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों एवं अन्य योजनाओं की विभागवार समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्रगति, प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खराब श्रेणी वाले इंडिकेटरों में गुणात्मक सुधार लाते हुए बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही के कारण सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग स्वीकार नहीं की जाएगी। दशमोत्तर छात्रवृत्ति शुल्क प्रतिपूर्ति की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को कॉलेजों एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से समन्वय कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। कम प्रगति वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करने तथा संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर वेतन बाधित करने की चेतावनी भी दी।

आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान श्री कुमार ने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में नई सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं अनुरक्षण, जननी सुरक्षा योजना, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, पोषण अभियान, पर ड्रॉप मोर क्रॉप, डिजिटल लाइब्रेरी, सीएमआईएस, पर्यटन तथा स्वच्छ भारत मिशन समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर सीडीओ प्रखर कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित