सहारनपुर , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सीएम ग्रिड फेज-2 योजना के तहत बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य को लेकर महापौर डॉ. अजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में आयोजित बैठक में महापौर ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों, कार्यदायी संस्था और क्षेत्रीय लोगों के साथ चर्चा की। इस दौरान परियोजना का डेमो भी प्रस्तुत किया गया। परियोजना के तहत अनुपम स्वीट्स से जैन कॉलेज रोड, आवास विकास होते हुए दिल्ली रोड स्थित मोहन पाण्डेय अस्पताल तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस पर लगभग 38 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत आएगी और कार्य पूर्ण करने की समयसीमा 11 मार्च 2027 निर्धारित की गई है।

कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान वाटर लाइन, सीवर लाइन, स्टॉर्म वाटर ड्रेन, भूमिगत विद्युत लाइन, डक्ट, फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट, रोड साइनेज तथा हरितकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि पिछले अनुभवों को देखते हुए इस बार कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाए ताकि सड़क चालू रहे और लोगों को असुविधा न हो। उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील की।

बैठक में पार्षद दिग्विजय चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जलभराव, नालों की लेवलिंग, अतिक्रमण हटाने और फुटपाथ की ऊंचाई जैसे मुद्दों पर सुझाव दिए। अधिकारियों ने तकनीकी पहलुओं से अवगत कराते हुए आश्वासन दिया कि सभी सुझावों को ध्यान में रखते हुए कार्य कराया जाएगा। बैठक में स्मार्ट सिटी, जल निगम और विद्युत विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित