चंडीगढ़ , अक्टूबर 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय में पोस्टिंग, नियुक्तियों और निविदाओं सहित सरकारी कामकाज में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच का सामना करने को कहा है।
श्री चुघ ने बुधवार को कहा कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश के बाद सीबीआई ने जांच शुरू की है औरपंजाब में कई स्थानों पर कार्रवाई की गयी है। उन्होंने कहा कि जांच को राजनीतिक रंग देने के बजाय सरकार को जांच में सहयोग करना चाहिए और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की पोस्टिंग, विभागीय कार्रवाई, टेंडर, लाइसेंस और सीएलयू मामलों समेत विभिन्न सरकारी कार्यों में कथित लेन-देन की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि जांच में यदि जनता के धन के दुरुपयोग या अवैध लेन-देन की पुष्टि होती है तो पूरी धनराशि के लेन-देन की कड़ी सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा नेता ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से भी पंजाब सरकार के कामकाज को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय तथ्यों को सामने आने दिया जाना चाहिए।
श्री चुघ ने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ सबूतों के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी और दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा सरकारी धन की वसूली सुनिश्चित की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित