राजगढ़ , अप्रैल 17 -- मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में लोकायुक्त पुलिस ने जिला चिकित्सालय में पदस्थ सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार आवेदक हरिओम अहिरवाल, निवासी गांधी नगर भोपाल, राजगढ़ में सुविधा डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित करते हैं। वह अपने सेंटर में एक डॉक्टर का नाम जोड़ने के लिए अनुमति लेना चाहते थे, जिसके एवज में सीएमएचओ द्वारा उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
बताया गया कि आरोपिया द्वारा पूर्व में 10 हजार और 20 हजार रुपये ले लिए गए थे तथा शेष 20 हजार रुपये मिलने के बाद ही अनुमति देने की बात कही गई थी। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त भोपाल द्वारा सत्यापन के बाद ट्रैप टीम गठित की गई।
आज कार्रवाई के दौरान टीम ने सीएमएचओ को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित उनके सरकारी आवास पर आवेदक से 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपिया के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित