तिरुवनंतपुरम , सितंबर 22 -- केरल सरकार ने कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड और निष्क्रिय हो चुकी कंपनी 'एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड' के बीच कथित संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस, विपक्ष के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी टी. वीणा की कंपनी थी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की सिफारिश के बाद शुरू की जा रही इस जांच के दायरे में श्री विजयन, उनकी बेटी टी. वीणा और उनके दामाद व सीपीआई(एम) नेता पी.ए. मोहम्मद रियास भी शामिल होंगे।
राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को कहा कि राज्य पुलिस प्रमुख को इस मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है और गृह विभाग जल्द ही औपचारिक आदेश जारी करेगा। गृह मंत्री ने बताया कि एडवोकेट जनरल के. जाजू बाबू की कानूनी राय और मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के साथ हुई उच्च स्तरीय चर्चा के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया है। डीजीपी तय करेंगे कि मामले में सीधे प्राथमिकी दर्ज की जाए या पहले प्रारंभिक जांच की जाए।
ईडी ने सीएमआरएल और एक्सालॉजिक के लेन-देन की जांच के दौरान एकत्र की गई सामग्रियों के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की सिफारिश की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित