हरिद्वार , मार्च 07 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के दौरे पर आये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से भारत आए करीब 200 लोगों को शनिवार को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई।
श्री शाह शनिवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने मंच से हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया। कार्यक्रम में 2000 पुलिस आरक्षियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र दिए गए। इस दौरान श्री शाह ने सीएए के तहत पाकिस्तानी हिंदुओं को नागरिकता प्रमाण पत्र दिये। इसके बाद उन्होंने 1100 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इन हिंदू शरणार्थियों को इस देश में उतना ही अधिकार है जितना देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इन लोगों को नागरिकता से वंचित रखा गया।
श्री शाह ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार ने सीएए लागू किया था, तब कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, ममता बनर्जी और द्रमुक सहित कई दलों ने इसका विरोध किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित