जलगांव , अप्रैल 10 -- महाराष्ट्र सरकार ने सीआरपीएफ के जवान जावेद अहमद के अदम्य साहस और कर्तव्य परायणता का सम्मान करते हुए उन्हें 'महाराष्ट्र गौरव पुरस्कार योजना' के तहत 60 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है।

जलगांव के जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित एक समारोह में पालक मंत्री गुलाबराव पाटिल ने श्री अहमद को यह सहायता राशि सौंपी और उन्हें "राष्ट्र की वास्तविक शक्ति" बताया।

पालक मंत्री श्री पाटिल ने इस अवसर पर कहा कि जीवन के लिए खतरा होने के बावजूद अपनी ड्यूटी निभाना देशभक्ति का सर्वोच्च रूप है। उन्होंने कहा कि आतंकी हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी श्री जावेद अहमद ने जिस साहस का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे श्री अहमद जैसे सैनिकों से समर्पण और राष्ट्र सेवा की सीख लें।

जलगांव जिले के चालीसगांव तालुका स्थित पिलखोड गांव के निवासी जावेद अहमद वर्तमान में सीआरपीएफ की 179वीं बटालियन में कार्यरत हैं। 18 अप्रैल 2020 को जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील बारामूला जिले के सोपोर इलाके में तैनाती के दौरान उनके काफिले पर आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, श्री अहमद ने असाधारण वीरता दिखाते हुए वाहन को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया और अपनी जिम्मेदारी पूरी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित