बीजापुर , जुलाई 20 -- केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के मध्य सेक्टर लखनऊ के महानिरीक्षक (आईजी) अनिल कुमार ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में तैनात 85वीं बटालियन सीआरपीएफ के द्विवार्षिक निरीक्षण के दौरान जवानों से नक्सल विरोधी अभियान में लगातार सतर्कता बनाए रखने का आह्वान किया है।

सीआरपीएफ की ओर से आज जारी जानकारी के अनुसार आईजी अनिल कुमार ने 17 से 19 जुलाई तक तीन दिवसीय दौरे के दौरान 85वीं बटालियन के मुख्यालय नयापारा (बीजापुर) तथा गंगालूर थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित अग्रिम कैंपों मुदवेंडी, पुसनार और हिरोली का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ 85वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने जवानों की परिचालन तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने नक्सल उन्मूलन अभियान में बटालियन के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति में सुधार के बावजूद जवानों को पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम रहे।

उन्होंने जवानों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा शारीरिक फिटनेस बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। सैनिक सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने बल की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।

सम्मेलन के दौरान जवानों की समस्याएं भी सुनी गईं। आईजी ने संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित