बीजापुर , मार्च 22 -- छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिला के उल्लूर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 22वीं बटालियन की ओर से रविवार को नागरिक कार्य कार्यक्रम और चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा सुरक्षाबलों और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास को मजबूत करना रहा।
सीआरपीएफ कैंप से मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में उल्लूर के साथ आसपास के गांव गुट्टा चंदनगिरी, गुल्लापेटा, कच्चीगुड़ा, नेलमपल्ली, वरदेली और भोपालपट्टनम के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। आयोजन के दौरान जरूरतमंद परिवारों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं वितरित की गईं। इनमें साड़ी, लुंगी, गमछा, बर्तन और मच्छरदानी जैसी सामग्री शामिल रही। इसके अलावा बच्चों को स्कूल बैग और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री प्रदान की गई, जिससे उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहन मिल सके।
कार्यक्रम में युवाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। उन्हें खेल सामग्री वितरित कर खेलकूद गतिविधियों के प्रति प्रेरित किया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले युवा खेलों से जुड़कर अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित