रांची , जून 17 -- झारखंड के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्थानीय विधायक कांके श्री सुरेश बैठा जी के साथ रांची स्थित रिनपास, कांके में अत्याधुनिक डीप ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (डीटीएमएस) सेंटर का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में अपने संबोधन के दौरान कांके विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की सकारात्मक सोच, सक्रियता और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिनपास और सीआईपी जैसे संस्थानों में जो परिवर्तन आज दिखाई दे रहा है, वह पहले कभी नहीं देखा गया। आने वाले दिनों में ये संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाएंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जब वे पहली बार सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (सीआईपी) और रिनपास आए थे, तब यहां की स्थिति देखकर उन्हें काफी चिंता हुई थी। लेकिन आज इन संस्थानों में हुए सकारात्मक बदलाव देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार इसे देश के सर्वश्रेष्ठ मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि डीटीएमएस तकनीक डिप्रेशन, ओसीडी तथा अन्य मानसिक बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए वरदान साबित होगी। अब मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
डॉ. अंसारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों पर अनावश्यक मानसिक दबाव न डालें तथा मोबाइल फोन का उपयोग सीमित करें। आज बड़ी संख्या में बच्चे मानसिक तनाव और डिजिटल लत के कारण प्रभावित हो रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ब्रेन-मशीन इंटरफेस (बीएमआई)एवं ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस (बीसीआई)जैसी आधुनिक तकनीकों की दिशा में भी झारखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह तकनीक भविष्य में मानसिक स्वास्थ्य उपचार के क्षेत्र में नई क्रांति लाएगी।
कार्यक्रम में लोयोला क्लब की गवर्नर नम्रता, रिनपास एवं सीआईपी के वरिष्ठ चिकित्सक, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित