नयी दिल्ली , जुलाई 22 -- केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन और दिल्ली पुलिस की मदद से मंगलवार देर रात पंजाबी बाग पश्चिम मेट्रो स्टेशन पर एक लापता नाबालिग को सुरक्षित ढूंढ निकाला और उसे उसके परिवार से मिलाया।
सीआईएसएफ ने बुधवार को बताया कि कल रात करीब दस बजे बल के नियंत्रण कक्ष को दिल्ली पुलिस के साइबर सेल से एक बच्चे के बारे में जानकारी मिली, जिसने कथित तौर पर सुसाइड नोट लिखकर घर छोड़ा था। जानकारी के आधार पर, बच्चे के पंजाबी बाग पश्चिम मेट्रो स्टेशन पर होने का शक था।
नियंत्रण कक्ष ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्टेशन पर तैनात बन के जवानों को अलर्ट किया और विशेष टीम बनाई। इस टीम ने मेट्रो स्टाफ के साथ मिलकर पूरे स्टेशन परिसर में व्यवस्थित तरीके से तलाशी अभियान चलाया।
इस टीम ने बच्चे को गेट नंबर 1 के पास सुरक्षित ढूंढ लिया और तुरंत उसे स्टेशन कंट्रोल रूम ले गई। उसे सुरक्षित रखा गया, ढांढस बंधाया गया और ज़रूरी देखभाल दी गई। इस बीच सीआईएसएफ नियंत्रण कक्ष ने दिल्ली पुलिस के साइबर सेल, मेट्रो नियंत्रण कक्ष और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार तालमेल बनाए रखा।
रात करीब 11 बजे बच्चे का परिवार स्टेशन पहुंचा। दिल्ली मेट्रो और दिल्ली पुलिस की मदद से उनकी पहचान की सही जांच-पड़ताल के बाद, बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित