चंडीगढ़ , मार्च 07 -- पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने शनिवार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने वाले देश के सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब की बेटियों और बेटों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

श्री संधवां ने बड़े गर्व के साथ कहा कि पटियाला की सिमरनदीप कौर और रसनीत कौर, बलाचौर की कृतिका चौधरी, मानसा से मनप्रीत कौर और आकृति सिंगला जैसे हीरे ने पूरे देश में पंजाब का नाम चमकाया है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह बहुत गर्व और खुशी की बात है कि फरीदकोट निवासी सुनवर्दीप सिंह ने यूपीएससी द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में 76वां रैंक प्राप्त किया है।

श्री संधवां ने कहा कि सुनवर्दीप सिंह की यह शानदार सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे फरीदकोट जिले और समूचे पंजाब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है, जो साबित करती है कि कड़ी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को सुनवर्दीप सिंह की सफलता से सीख लेने की जरूरत है। विद्यार्थियों को समाज की तरक्की के लिए योगदान देना चाहिए और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुनवर्दीप सिंह जैसे प्रतिभाशाली युवा समाज के लिए प्रकाश स्तंभ सिद्ध होते हैं, जो न केवल खुद आगे बढ़ते हैं, बल्कि दूसरों को भी ऊंची उड़ान भरने के लिए प्रेरित करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित