सिवनी , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 121 पेटी बीयर से भरी एक पिकअप वाहन जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 1452 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 2.67 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 17 अप्रैल की रात पेट्रोलिंग के दौरान लूघरवाड़ा शराब दुकान के सामने संदिग्ध गतिविधि देखी गई। मौके पर घेराबंदी कर सफेद रंग की पिकअप वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में 121 कार्टून बीयर बरामद हुई।

पूछताछ में वाहन चालक देवीप्रसाद पवार निवासी परासिया थाना बंडोल वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आबकारी वेयरहाउस की एक बिल्टी दिखाई, जो जांच में किसी अन्य वाहन की पाई गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अवैध लाभ के लिए शराब का परिवहन कर रहे थे। इस कार्रवाई में वाहन सहित पूरी शराब जब्त कर ली गई। मामले में आकाश जैसवाल, मनोज बघेल और संदीप चंद्रवंशी को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित