बरेली , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालयों और शिक्षकों को कड़ी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल बड़े-बड़े विश्वविद्यालय बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को सही दिशा देना, हुनर सिखाना और आत्मनिर्भर बनाना ही असली शिक्षा है। गलत संगत से बचाने के लिए शिक्षकों और प्रशासन को छात्रों पर सतर्क नजर रखनी होगी।
राज्यपाल बरेली में महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आज का माहौल ऐसा है जहां अज्ञानतावश युवा गलत रास्तों की ओर मुड़ रहे हैं, और एक छोटी गलती पूरी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों की भूमिका को केवल शिक्षा तक सीमित न रखते हुए कहा कि उन्हें समाज के बीच जाकर महिलाओं और किसानों की समस्याओं को समझना और समाधान करना चाहिए। हर विश्वविद्यालय को कम से कम पांच गांव गोद लेकर वहां काम करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित