जयपुर , अप्रैल 28, -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सिरोही में श्रम कल्याण अधिकारी हर्षदीप सिंह गिल की अनुबंधित कार से आकस्मिक निरीक्षण में डेढ़ लाख रुपए की संदिग्ध राशि बरामद की हैं।
एसीबी के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर उप महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर के पर्यवेक्षण में एसीबी की सिरोही इकाई द्वारा कार्यवाही करते हुए श्री गिल के आबूरोड़ से जिला मुख्यालय सिरोही पर अपने कार्यालय के विकास कुमार कनिष्ठ सहायक के साथ श्रम विभाग में अनुबंधित कार से आते समय सोमवार को सिरोही में आकस्मिक रूप से ली गई तलाशी के दौरान कार में रखे रैग्जीन बैग में पाये पॉलीथीन की थैली में लपेटकर रखी हुई 500-500 रुपए की तीन गड्डियों में कुल डेढ़ लाख की संदिग्ध राशि पाई गई।
यह संदिग्ध राशि कहां से लाई गई , इस बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। जिस पर इस संदिग्ध राशि को कब्जे में लिए जाकर अग्रिम कार्यवाही जारी है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश एवं ब्यूरो की उपमहानिरीक्षक जोधपुर भुवन भूषण यादव के निकट पर्यवेक्षण में अग्रिम कार्यवाही जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित