जौनपुर , अगस्त 01 -- हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के द्वारा अपने परिवार एवं मित्रों के साथ दी गई शहादत की याद में सिराज-ए- हिंद का ऐतिहासिक चेहल्लुम सैकड़ों वर्षो से अपनी सभ्य परंपराओं के अनुरूप इमामबाड़ा शेख मोहम्मद इस्लाम मरहूम बाजार हुआ पानदरीबा रोड पर मनाया जाता है । इस वर्ष के अनुसार 03 एवं 04 अगस्त को अपने पारंपरिक तरीके से मनाया जाएगा ।
मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष शहंशाह हुसैन रिजवी एडवोकेट ने आज शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक चेहल्लुम को देश के क्षितिज पर एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है, जिसके कारण इसे मनाने के लिए देश के कोने-कोने से सभी संप्रदाय के श्रद्धालु हजारों की संख्या में यहां उपस्थित होकर हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम को अपना श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं । कार्यक्रम का आरंभ 02 अगस्त को रात्रि 8 बजे इमाम चौक इस्लाम मरहूम पर ताज़िया रखने से होगा तत्पश्चात शब्बेदारी के आयोजन में मजलिस होगी, मजलिस की समाप्ति पर जौनपुर नगर एवं बाहर से आई अंजुमनो का नौहा मातम अनवरत रूप से रात भर चलता रहेगा । प्रातः 5 बजे एक मजलिस होगी जिसके बाद आग में दहकती जंजीरों का मातम अंजुमन गुलशन इस्लाम रजिस्टर्ड करेगी , इस कार्यक्रम का संचालन सैयद अकबर हुसैन ज़ैदी एडवोकेट करेंगे ।
उन्होंने बताया कि दूसरे दिन 03 अगस्त को कार्यक्रम का आरंभ 1 बजे दिन में मजलिस से होगा जिसको मौलाना सैयद नदीम जैदी फैजाबाद खिताब करेंगे , मजलिस की समाप्ति पर इमामबाड़े से एक ऐतिहासिक चमत्कारी तुरबत निकाली जाएगी जो ताजिए के साथ एक जुलूस के रूप में अपने निर्धारित रास्ते पानदरीबा रोड, हमाम दरवाजा, काज़ी की गली, पुरानी बाजार होता हुआ सदर इमामबाड़ा जौनपुर पर समाप्त होगा , इस कार्यक्रम का संचालन सैय्यद कबीर हसन ज़ैदी करेंगे । उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के संबंध में शासन एवं प्रशासन के अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर पत्रों के माध्यम से अवगत कराया जा चुका श्री रिज़वी ने सभी संप्रदाय के लोगों से चेहल्लुम में शिरकत की अपील किया है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित