सिरसा , अगस्त 06 -- हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली स्थित एक पेट्रोल पंप से 8,64,917 रुपये का गबन कर अपनी मौत का झूठा नाटक रचने वाले कर्मचारी को सीआईए कर्मियों ने डबवाली ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4,30,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आरोपी ने गबन के बाद इंदिरा गांधी नहर में कूदकर आत्महत्या करने का ड्रामा रचा था।

डबवाली के डीएसपी योगेश कटारिया ने गुरुवार को बताया कि आरोपी दयाराम पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। उसने पेट्रोल पंप की 8,64,917 रुपये की नकदी का गबन कर लिया। जब उसे अपने कृत्य के उजागर होने का डर सताने लगा तो उसने कानून से बचने के लिए सुनियोजित साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, सात जुलाई को आरोपी अपनी छोटी बेटी को साथ लेकर गांव अबूबशहर के पास इंदिरा गांधी नहर पहुंचा। वहां उसने अपना मोटरसाइकिल, जूते, बेटी का स्कूल बैग और सैंडल छोड़ दिए ताकि लोगों को लगे कि उसने नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद वह फरार हो गया।

नौ जुलाई को आरोपी के भाई ने थाना शहर डबवाली में शिकायत देकर उसके मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या करने या कहीं छिप जाने की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।

इसी दौरान पेट्रोल पंप संचालक ने शिकायत दी कि दयाराम 8,64,917 रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया है। इस शिकायत पर 13 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीआईए कर्मियों की डबवाली के प्रभारी उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल से मिले सुराग, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से गबन की गई राशि में से 4.30 लाख रुपये बरामद हुए हैं जबकि शेष राशि की बरामदगी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित