सिरसा , जुलाई 08 -- हरियाणा के सिरसा जिले की सीआईए ऐलनाबाद पुलिस तथा औषधि नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव प्रताप नगर स्थित एक मकान पर छापा मारकर 23,510 टेपेंटाडोल की नशीली गोलियां तथा 10,290 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किया। पुलिस इनकी कीमत करीब 6.5 लाख रुपये आंक रही है। इस मामले में गांव प्रताप नगर निवासी लवप्रीत सिंह पुत्र गुरबाज सिंह को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बुधवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गांव संतनगर में मेडिकल स्टोर चलाता है और मेडिकल की आड़ में अपने घर से युवाओं को नशीली दवाइयों की सप्लाई करता है। सूचना के आधार पर सीआईए ऐलनाबाद और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने उसके घर प्रताप नगर में दबिश देकर घर की तलाशी ली तो भारी मात्रा में नशीली गोलियां और कैप्सूल बरारमद हुई। बरामद मादक पदार्थों सहित आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के हवाले कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित