सिरसा , जुलाई 16 -- हरियाणा के सिरसा जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स प्रकोष्ठ ने गांव चामल क्षेत्र से एक युवक को 23 ग्राम 520 मिलीग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। आरोपी के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम गांव चामल क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक युवक ने पुलिस वाहन को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने पीछा कर उसे काबू कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 23 ग्राम 520 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव चामल निवासी सुरेंद्र सिंह उर्फ मोटा, पुत्र दर्शन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी हेरोइन कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित