सिरसा , जुलाई 25 -- हरियाणा में सिरसा स्थित एमएसजी भारतीय खेल गांव में शनिवार से चार दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 बालक वर्ग स्विमिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ।

शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की मेजबानी में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 356 से अधिक सीबीएसई स्कूलों के करीब 1200 तैराक भाग ले रहे हैं। पहले दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं और अत्याधुनिक तकनीक के बीच खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष तथा हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल खत्री ने किया। इस अवसर पर सीबीएसई ऑब्जर्वर डॉ. गार्गी, डीएसपी राजवीर यादव, डॉ. पी.आर. नैन, शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां तथा स्पोर्ट्स हेड कोच डॉ. नवजीत भुल्लर भी उपस्थित रहे।

चैंपियनशिप के पहले दिन अंडर-19 वर्ग की 1500 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा आकर्षण का केंद्र रही। फरीदाबाद के दर्श सिंह ने 18 मिनट 53.25 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। पंजाब के पठानकोट के विनायका महाजन ने 18 मिनट 53.59 सेकंड के साथ रजत पदक हासिल किया। झज्जर के दिव्यांश कादियान तीसरे, पानीपत के अरमान राठी चौथे और लुधियाना के आर्यन मिश्रा पांचवें स्थान पर रहे।

मुख्य अतिथि अनिल खत्री ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां विकसित खेल अवसंरचना खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक टच पैड्स और आधुनिक टाइमिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं निष्पक्ष और सटीक परिणाम सुनिश्चित करती हैं। विशेषकर 50 और 100 मीटर जैसी स्पर्धाओं में मिलीसेकंड के अंतर से विजेता तय होने पर यह तकनीक खिलाड़ियों और अभिभावकों का विश्वास बढ़ाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित