सिरसा , सितंबर 03 -- हरियाणा के सिरसा में शहीद सिपाही राजेंद्र सिंह के शहीदी दिवस के अवसर पर जिला के गांव रंधावा में शहीद स्मारक स्थल पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सहारा चेरिटेबल ट्रस्ट के उप प्रधान लक्ष्य सिंगला ने शहीद स्मारक पहुंचकर शहीद सिपाही राजेंद्र सिंह की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित की और उनके चरणों में नमन किया।
इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए लक्ष्य सिंगला ने कहा कि देश के इन वीर शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान की बदौलत ही आज हम सब स्वतंत्र भारत की खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। प्रत्येक भारतवासी का यह कर्तव्य है कि वह देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले इन अमर शहीदों की शहादत को हमेशा याद रखे।
उन्होंने कहा कि मैं उन माता-पिता के चरणों में भी कोटि-कोटि नमन करता हूं, जिन्होंने ऐसी वीर संतान को जन्म दिया और देश सेवा के लिए समर्पित किया। देश इन महापुरुषों और उनके परिवारों का हमेशा ऋणी रहेगा। इस अवसर पर हरपिंदर शर्मा, योगेश बिजारनिया सहित गांव के गणमान्य व्यक्ति, ग्रामीण और युवा उपस्थित रहे, जिन्होंने शहीद सिपाही राजेंद्र सिंह अमर रहे के नारों के साथ देश के वीर सपूत को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित