सिरसा , अगस्त 13 -- हरियाणा के सिरसा में अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 11वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने से शहर के मुख्य बाजारों, गलियों और चौक-चौराहों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नगर परिषद की गाड़ियां घरों से भी नियमित कूड़ा नहीं उठा रही हैं, जिसके चलते लोग कूड़ा खाली प्लाटों और सड़क किनारे फेंकने को मजबूर हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रुक-रुककर हो रही बारिश ने स्थिति को और खराब कर दिया है। कूड़े के ढेर भीगने से दुर्गंध फैल रही है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बेसहारा पशु कूड़े में मुंह मार रहे हैं, जिससे उनके बीमार होने का खतरा बढ़ गया है।

आम आदमी पार्टी के जिला सचिव श्यामलाल मेहता ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही गंदगी के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार पर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया।

जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से कर्मचारी संघ के साथ बातचीत कर जल्द समाधान निकालने की मांग की।

नगर परिषद चेयरमैन शांतिस्वरूप वाल्मीकि ने बताया कि मामला राज्य सरकार से संबंधित है। गुरुवार शाम चंडीगढ़ में बैठक प्रस्तावित है और उम्मीद है कि कोई समाधान निकलेगा।

उन्होंने बताया कि कच्चे कर्मचारियों के माध्यम से सफाई व्यवस्था बहाल करने के प्रयास किए गए लेकिन हड़ताली कर्मचारियों के विरोध के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित