सिरसा , सितंबर 03 -- हरियाणा के सिरसा जिले के गांव छतरियां में महज 1,000 रुपये के मामूली लेनदेन को लेकर हुई अशोक कुमार नामक युवक की हत्या के मामले में ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। पुलिस की कार्यंशैली से नाराज युवा और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने मामले की जांच कर रहे अधिकारी को तुरंत बदलने और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि 12 जुलाई को अशोक अपने भाई मुकेश और चाचा के साथ खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में घात लगाकर बैठे गांव के ही दबंग युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। हमले के दौरान मुकेश और उसके चाचा ने जैसे-तैसे भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन हमलावरों ने अशोक को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडों और लोहे के पाइपों से उस पर अंधाधुंध वार किए गए। हमले में गंभीर रूप से घायल अशोक को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि हत्या के इस मामले में कुल 17 लोग संलिप्त हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक केवल छह लोगों को ही पकड़ा है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मुख्य दोषियों को बचाने और मामले में निर्दोष लोगों को पकड़कर खानापूर्ति करने में लगी है। मामले में ढिलाई बरतने के कारण परिजन अब जांच अधिकारी को बदलने की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार नहीं किया गया और निष्पक्ष जांच नहीं हुई,तो आने वाले समय में वे रोड जाम करने पर मजबूर होंगे। इस मौके पर मृतक के माता-पिता सहित काफी संख्या में ग्रामीण और युवा मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित