सिरसा , अगस्त 08 -- हरियाणा एचएसईबी डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन की राज्य स्तरीय बैठक शनिवार को सिरसा में हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से संगठन पदाधिकारियों और कनिष्ठ अभियंताओं (जेई) ने भाग लिया। बैठक में लंबित मांगों को लेकर चर्चा की गई और 11, 12 व 13 अगस्त को प्रस्तावित राज्यव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु धनखड़ और महासचिव विपिन भारद्वाज ने बताया कि सात अगस्त को एचवीपीएनएल-एचपीजीसीएल के प्रबंध निदेशक आदित्य दहिया तथा यूएचबीवीएनएल/डीएचबीवीएनएल के प्रबंध निदेशक विक्रम की संयुक्त अध्यक्षता में संगठन की केंद्रीय परिषद के साथ बैठक हुई थी। इसमें जेई संवर्ग की सभी मांगों को तथ्यपूर्ण और तर्कसंगत तरीके से निगम प्रबंधन के समक्ष रखा गया। प्रबंधन ने मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द दोबारा बैठक करने और सकारात्मक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का आश्वासन दिया।
संगठन ने स्पष्ट किया कि ठोस और संतोषजनक निर्णय होने तक 11 से 13 अगस्त की हड़ताल की घोषणा यथावत रहेगी। अभिमन्यु धनखड़ ने कहा कि सिरसा में जेई की एकजुटता ने संगठन की ताकत साबित की है। सर्कल सिरसा अध्यक्ष किशोर कंबोज ने सभी कर्मचारियों का आभार जताते हुए हड़ताल को अनुशासन और एकजुटता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
संगठन ने पैरलल लाइसेंसिंग और हरियाणा एग्री डिस्कॉम का भी विरोध किया। पदाधिकारियों ने कहा कि बिजली क्षेत्र से जुड़े नीतिगत फैसलों में निगम, किसान, उपभोक्ता और कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित