सिरसा , अप्रैल 16 -- हरियाणा के सिरसा जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने स्कूली बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सात बसों के चालान किए, जबकि एक बस को गंभीर अनियमितताओं के चलते ज़ब्त करना कर लिया। अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात नियमों का पालन करवाना है।

यातायात थाना प्रभारी सुखदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर बसों की गहन जांच की। जांच के दौरान फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे और अग्निशामक यंत्रों जैसी अनिवार्य सुविधाओं की बारीकी से जांच की गई।

थाना प्रभारी ने स्कूल संचालकों और बस चालकों को निर्देश दिए कि वे न्यायालय के आदेशों और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग या नशीले पदार्थों का सेवन न किया जाए।

इसके अलावा बसों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने, रेड लाइट पर जेब्रा क्रॉसिंग से पहले रुकने और वाहन को सफेद लाइन के पीछे खड़ा करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित