पंचकूला , सितंबर 29 -- हरियाणा पुलिस ने सिरसा में नाबालिग लड़की के अपहरण और कथित दुष्कर्म के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नाथूसरी चौपटा निवासी शिव दयाल के पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, लड़की के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 30 जुलाई 2026 को स्कूल गई थी। दोपहर करीब 1.30 बजे स्कूल से परिवार को सूचना मिली कि वह दो अन्य लड़कियों के साथ कुछ सामान खरीदने के लिए बाहर गयी थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों के घरों और आसपास के अन्य स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शिकायत के आधार पर सिविल लाइंस पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को लड़की के ठिकाने की जानकारी मिली और उसी दिन उसे नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने अदालत के समक्ष उसका बयान दर्ज कराया तथा उसकी काउंसलिंग और चिकित्सकीय जांच भी करायी।
पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और कानूनी राय के आधार पर मामले में दुष्कर्म से संबंधित प्रावधानों के साथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराएं जोड़ी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित