अटारी/अमृतसर , सितंबर 23 -- दिल्ली के कैबिनेट मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को पंजाब में नशे की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला।

भाजपा की 'नशामुक्त पंजाब यात्रा' के दौरान अटारी में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नशे की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय राजनीतिक प्रचार में लगी है। श्री सिरसा ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे से प्रभावित युवाओं और उनके परिवारों की स्थिति गंभीर है, जबकि बड़े तस्करों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की शिकायतों पर भी गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पंजाब पुलिस पर नशे से जुड़े मामलों में पक्षपात करने के आरोप भी लगाये, हालांकि इन आरोपों के समर्थन में कोई स्वतंत्र साक्ष्य उन्होंने प्रस्तुत नहीं किया।

श्री केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए सिरसा ने दिल्ली की आबकारी नीति और पंजाब में नशे की स्थिति का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार विज्ञापनों पर बड़ी राशि खर्च कर रही है, जबकि अस्पतालों और नशा मुक्ति केंद्रों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से नशे की आपूर्ति श्रृंखला पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने पंजाब को नशे से मुक्त करने के लिए लोगों से भाजपा का समर्थन करने और राज्य में भाजपा की सरकार बनाने की अपील की। कार्यक्रम में भाजपा नेता सतिंदर सत्ती ने भी पंजाब में नशे की समस्या को लेकर आप सरकार की आलोचना की और लोगों से इसके खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित