तिरुवनंतपुरम , मई 15 -- केरल के मनोनीत मुख्यमंत्री वी डी सतीशन पार्टी के भीतर तनाव कम करने के उद्देश्य से एक बड़े सुलह प्रयास के तहत शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला के आवास पर पहुंचे।

श्री सतीशन निवर्तमान मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से मुलाकात के तुरंत बाद श्री चेन्निथला के आवास पर पहुंचे। यहां उनका कांग्रेस नेता अबिन वर्की और अनवर सादात ने स्वागत किया, जबकि चर्चा के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। श्री चेन्निथला ने मुस्कुराते हुए श्री सतीशन का स्वागत किया, जो कांग्रेस के भीतर कई दिनों की राजनीतिक तनातनी के बाद संबंधों में संभावित नरमी का संकेत देता है।

श्री चेन्निथला की जगह श्री सतीशन को मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद कांग्रेस के एक वर्ग में बढ़ते असंतोष के बीच यह बैठक हुई है। गौरतलब है कि राज्य के वरिष्ठ नेता ने खुले तौर पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा था कि नेतृत्व निर्णय में वरिष्ठता और पार्टी परंपराओं की अनदेखी की गयी।

चर्चा से जुड़े करीबी सूत्रों ने कहा कि श्री चेन्निथला नये मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए तभी तैयार हैं, जब उन्हें शक्तिशाली गृह विभाग सौंपा जाएगा। ऐसा माना जाता है कि उन्होंने यह भी मांग की है कि पार्टी के भीतर व्यापक सत्ता-साझाकरण व्यवस्था के हिस्से के रूप में श्री जोसेफ वाज़क्कन को प्रदेश कांग्रेस के अगले अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया जाए।

मुख्यमंत्री पद की घोषणा के बाद श्री चेन्निथला कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल नहीं हुए और गुरुवयूर की यात्रा पर चले गये थे। वह शुक्रवार सुबह ही तिरुवनंतपुरम लौटे, जिससे उनके राजनीतिक रुख और सरकार में भविष्य की भूमिका पर अटकलें तेज हो गईं। हालांकि श्री चेन्निथला ने बाद में कहा कि वह कांग्रेस आलाकमान के फैसले को स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने कैबिनेट सहयोगियों को चुनने की आजादी होनी चाहिए।

इस दौरान उन्होंने इस सवाल का सीधे तौर पर जवाब देने से इनकार कर दिया कि क्या वह मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों ने कहा कि श्री सतीशन व्यक्तिगत रूप से श्री चेन्निथला को कैबिनेट में लाने का प्रयास कर रहे हैं। श्री चेन्निथला के समर्थक भी उन्हें कैबिनेट में शामिल करने के लिए दबाव डाल रहे हैं, उनका तर्क है कि उनका प्रशासनिक अनुभव और वरिष्ठता मंत्रालय की स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस को नयी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) सरकार में विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों के अलावा 11 कैबिनेट सीटें मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित