रांची , जुलाई 31 -- झारखंड के सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र अंतर्गत टुकूपानी में हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और एक बच्ची की मौत हो गई।

हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि, टापूडेगा निवासी गीता देवी अपनी स्कूटी से एक बच्ची और एक अन्य महिला के साथ कोनमेजरा की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सिमडेगा से राउरकेला की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार टुकूपानी के पास अनियंत्रित होकर गलत दिशा में आ गई और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने गीता देवी को मृत घोषित कर दिया। उपचार के दौरान बच्ची संजीता कुमारी ने भी दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मंगरी देवी की हालत बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और स्कूटी को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तेज रफ्तार कार के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण वह गलत दिशा में चला गया और स्कूटी से टकरा गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा। इसके बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित